नौसेना ने कहा: नहीं है सुरक्षा-संचालन पर कोई खतरा

नई दिल्ली : स्काॅर्पीन पनडुब्बी के संबंध में लीक हुई जानकारी का मामला सामने आने के बाद भारतीय नौसेना ने बयान जारी किया है। नौसेना ने कहा है कि यदि ऐसा कोई मामला हुआ भी है तो भी डरने की बात नहीं, क्योंकि न तो पनडुब्बी की सुरक्षा पर कोई असर पड़ेगा और न ही इसके संचालन पर किसी तरह का खतरा है। नौसेना ने स्पष्ट किया है कि पनडुब्बी की क्षमता का पता तो समुद्र में ही चलेगा। गौरतलब है कि पनडुब्बी की क्षमता और अन्य जानकारियों के दस्तावेज लीक हो गये है।

ब्यौरा मान्य नहीं-

नौसेना के हवाले से कहा गया है कि दस्तावेज लीक होने से पनडुब्बी संचालन पर कोई खतरा नहीं होगा। रही बात पनडुब्बी के बारे में जानकारी संबंधी ब्यौरे की, तो सेना के अधिकारियों की नजरों में यह ब्यौरा मान्य नहीं है। नौसेना के सूत्रों ने बताया है कि लीक जानकारी का ब्यौरा महज कल्पना है।

सेना ने यह भी कहा है कि जिस पनडुब्बी की जानकारी लीक हुई है, उस तरह की पनडुब्बियों की क्षमता, संचालन के गुण अलग-अलग होते है। हालांकि नौसेना ने यह भी स्वीकार किया है कि सुरक्षा से संबंधित कोई भी जानकारी लीक नहीं होना चाहिये और इस मामले में अधिक सावधानी रखने की जरूरत है।

Related News