हिमंत को लेकर भाजपा की पटकथा तैयार, सिर्फ दिन और तिथि का इंतजार

गुवाहाटी : पार्टी के भीतर मतभेद के बावजूद भारतीय जनता पार्टी असम के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री डा. हिमंत विश्व शर्मा को लेकर पटकथा लिख चुकी है। सिर्फ दिन और तिथि तय नहीं हुई है। यह तय करने का कार्य श्री शर्मा पर छोड़ दिया गया। वे जब चाहें भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि प्रदेश भाजपा चाहती है कि हिमंत व उनके सहयोगियों को चुनाव से ऐन पहले ज्वाइनिंग कराया जाए। कम से कम अक्टूबर तक सांगठनिक चुनाव का कार्य पूरा होने तक नहीं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि केंद्र से लेकर प्रदेश तक के नेताओं में हिमंत को लेकर मतभेद है। एक पक्ष चाहता है कि कांग्रेस को कमजोर करने के लिए हिमंत अलग पार्टी बनाएं और चुनाव बाद भाजपा में शामिल हो जाएं। तो दूसरा पक्ष का मानना है कि हिमंत के आने के बाद पार्टी को दिसपुर तक पहुंचने में बची कसर पूरी हो जाएगी।

हालांकि प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं में हिमंत को लेकर उत्साह है। लेकिन टिकट की चाहत रखने वाले नेता डरे हुए हैं और हिमंत का नाम सुन -सुन कर जल भून रहे हैं। उन्हें डर इस बात का है कि हिमंत अपने साथ कांग्रेसी नेताओं का फौज लेकर आएंगे और ऐसी हालत में विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें टिकट मिलने से रहा। बावजूद इसके केंद्रीय नेतृत्व ने हिमंत को हरी झंडी दे दी है। क्योंकि हिमंत को लेकर पार्टी पर संघ का दबाव है और पार्टी संघ की सलाह मानने से इनकार नहीं कर सकती। संघ से जुड़े एक नेता ने बताया कि प्रदेश स्तर पर कई नेताओं का हिमंत को लेकर विरोध रहा है। ऐसे नेताओं को बता दिया गया है कि हिमंत भाजपा में शामिल होने के बाद केंद्र की राजनीति करेंगे और वे मुख्यमंत्री के दावेदार नहीं बनेंगे।

उक्त नेता ने बताया कि यदि हिमंत भाजपा में शामिल होते हैं तो झालुकबाड़ी सीट से उनकी पत्नी भाजपा की उम्मीदवार होंगी और वे चुनावी अभियान का बागडोर संभालेंगे। इस बीच हिमंत विश्व शर्मा के भाजपा में शामिल होने की बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी का आदर्श और नीति को स्वीकार करने वाला हर भारतीय भाजपा का सदस्य बन सकता है। वहीं पार्टी के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें इस बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं है।

Related News