जन्मदिन विशेष : अपनी दिलकश अदाओं से दीवाना बनाया माधुरी ने

डांसिंग डॉल माधुरी दीक्षित बॉलीवुड की एक ऎसी अभिनेत्री है जिन्होंने अपनी दिलकश अदाओं से लगभग तीन दशक से दर्शकों के दिलो पर राज किया और अपनी खास पहचान बनाई। माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई 1967 को मुंबई में एक मध्यमवर्गीय मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई से पूरी की। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी में माइक्राबॉयलोजिस्ट बनने की चाह रखते हुए दाखिला ले लिया। इस दौरान उन्होंने लगभग आठ वर्ष तक कथक नृत्य की शिक्षा भी हासिल की।

माधुरी ने अपने फ़िल्मी कैरियर की शरूआत 1984 में राजश्री प्रोडकशन के बैनर तले बनी फिल्म अबोध से की लेकिन कमजोर पटकथा और निर्देशन के कारण फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना कमल नहीं देखा पाई। 1984 से 1988 तक माधुरी दीक्षित फिल्म इंडस्ट्री मे अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष करती रही। अबोध के बाद उन्हें जो भी भूमिका मिली वह उसे स्वीकार करती चली गयी। इस बीच उन्होंने स्वाति, आवारा बाप, जमीन, मोहरे, हिफाजत और उत्तर दक्षिण जैसी कई फिल्मों में अभिनय किया।

लेकिन इनमें से कोई भी फिल्म बॉक्स आफिस पर सफल नहीं हुई। हालांकि 1988 में उन्हें विनोद खन्ना के साथ फिल्म दयावान में काम करने का मौका मिला, लेकिन इससे उन्हें कुछ खास फायदा नहीं मिला। माधुरी की किस्मत का सितारा 1988 में प्रदर्शित फिल्म तेजाब से चमका। फिल्म में माधुरी ने अनिल कपूर की प्रेमिका की भूमिका निभाई। फिल्म में उन पर फिल्माया गीत एक दो तीन उन दिनों श्रोताओं की जुबां पर चढ़ गया था। फिल्म की सफलता के बाद माधुरी दीक्षित फिल्म इंडस्ट्री में अपनी सही पहचान पाने में कुछ हद तक कामयाब हो गई।

1990 में माधुरी के कैरियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म दिल प्रदर्शित हुई। फिल्म में उनके साथ आमिर खान की जोड़ी को दर्शको ने काफी पसंद किया। फिल्म टिकट खिड़की पर सुपर हिट साबित हुई साथ ही फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए माधुरी को अपने करियर का पहला फिल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त हुआ। 1991 माधुरी के कैरियर का अहम साल साबित हुआ। इस वर्ष उनके अभिनय के नए रंग दर्शकों को देखने को मिले। उनकी 100 डेज, साजन और प्रहार जैसी फिल्में प्रदर्शित हुई। इन फिल्मों की सफलता के बाद माधुरी शोहरत की बुंलदियों पर जा पहुंची।

1992 में माधुरी की एक और अहम फिल्म फिल्म बेटा प्रदर्शित हुई। वर्ष 1994 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म हम आपके है कौन माधुरी की सर्वाधिक सुपर हिट फिल्म में शुमार की जाती है। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनकी जोड़ी सलमान खान के साथ काफी पसंद की गई। इस फिल्म में उन पर फिल्माया गीत दीदी तेरा देवर दीवाना उन दिनों श्रोताओं के बीच क्रेज बन गया था। इस फिल्म ने सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किए और आल टाइम ग्रेटेस्ट हिट्स में शुमार हो गई।

90 के दशक में माधुरी पर यह आरोप लगने लगे कि वह केवल ग्लैमरस किरदार ही निभाने में सक्षम है। इस छवि से बाहर निकालने में निर्माता निर्देशक प्रकाश झा ने उनकी मदद की और उन्हें लेकर फिल्म मृत्युदंड का निर्माण किया। इस फिल्म में उन्होंने एक ऎसी महिला का किरदार निभाया जो अपने पति की मौत का बदला लेती है। 2002 में माधुरी को शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के मशहूर उपन्यास देवदास पर बनी फिल्म में काम करने का अवसर मिला। संजय लीला भंसाली की इसी नाम से बनी फिल्म में चन्द्रमुखी के अपने किरदार से उन्होंने दर्शको का दिल जीत लिया और अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गई।

माधुरी के कैरियर में उनकी जोड़ी अभिनेता अनिल कपूर के साथ काफी पसंद की गई। उनको पांच बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। 2002 में प्रदर्शित फिल्म हम तुम्हारे है सनम के बाद माधुरी ने फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया और वैवाहिक जीवन बिताने लगी। 2007 में फिल्म आजा नच ले के जरिए उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने कैरियर की दूसरी पारी शरू की लेकिन इस फिल्म की सफलता के बाद उन्होंने एक बार फिर से फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया। माधुरी ने पिछले वर्ष प्रदर्शित फिल्म ये जवानी है दीवानी से इंडस्ट्री में कम बैक किया है। माधुरी की इस साल डेढ़ इश्किया और गुलाब गैंग जैसी फिल्में प्रदर्शित हुई है।

Related News