नोट नहीं गिन सका दुल्हा, लड़की ने लौटाई बारात

बलिया/उत्तरप्रदेश : इन दिनों वैवाहिक संबंध बनना काफी मुश्किल हो गया है। पहले तो रिश्ते जुड़ते नहीं, लोग जब रिश्ते जोड़ लेते हैं तो उन्हें तोड़ने में लगे रहते हैं। हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे पढ़कर आप लड़की की तारीफ करेंगे, लड़के को अशिक्षित कहेंगे या फिर इस लड़की को जरूरत से कुछ ज्यादा समझदार कहेंगे। लड़की ने शादी के ऐन मौके पर ही अपनी बारात बैरंग लौटा दी। उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह में एक लड़की ने अपनी बारात इसलिए वापस लौटा दी क्योंकि दुल्हा नोट नहीं गिन पाया। नोट न गिन पाने की यह शर्त लड़की ने तब रखी जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद केवल फेरों की रस्म शेष रह गई थी।

इस दौरान दुल्हन ने अपनी सहेली के माध्यम से दूल्हे को नोट गिनने के लिए दिए जब वह नोट नहीं गिन पाया तो उसने शादी करने से ही इंकार कर दिया। दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। बात पंचायत तक पहुंच गई लेकिन सुलह नहीं हो सकी। जिसके बाद बारात दुल्हन लिए बिना ही वापस लौट गई। बारात लौटने के बाद गांव में माहौल काफी सूना हो गया। सभी गंभीरता से मसले पर चर्चा कर रहे थे। मगर सभी को दोनों पक्षों में सुलह न होने का मलाल था।

Related News