गीता ने इंदौर में फहराया विशाल ध्वज

इंदौर : पाकिस्तान से भारत लौटी गीता भारत आते ही देश भक्ति के रंग में रंग गई। देश के 67वें गणतंत्र दिवस के मौके पर गीता ने इंदौर में विशाल तिरंगा फहराया। गीता ने रीगल चौराहे पर 21 गुणा 14 फुट का तिरंगा फहराया। यह कार्यक्रम अपना समूह द्वारा आयोजित किया गया था।

इतना ही नही ध्वजारोहण के बाद गीता देश भक्ति गाने की धुन पर खूब थिरकी। मूक बधिर गीता ने झंडा फहराने के बाद साइन लैंग्वेज में कहा कि महात्मा गांधी के देश में तिरंगा फहरा कर बेहद खुश हूँ। जब मैं पाकिस्तान में रहती थी तो मुझे इस दिन का इंतजार था कि कब मैं अपने देश लौटकर तिरंगा फहराऊंगी।

गीता ने सभी भारतवासियों से निवेदन किया कि वो राष्ट्रध्वज का सम्मान करे। गीता ने कहा कि मैं अपने देश लौटकर बेहद खूश हूँ। हांला कि मैं चाहती हूँ कि भारत और पाकिस्तान के बीच हमेशा अच्छे रिश्ते रहे। गीता ने इस दौरान अपने दर्द भी साझा किए। 

उसने कहा कि बचपन में मुझे पढ़ने-लिखने का मौका नही मिला, इसलिए अब मैं अपनी पढ़ाई पूरी करने पर ध्यान दे रही हूँ। पाकिस्तान में 10 साल से अधिक गुजारने के बाद गीता को 26 अक्टूबर को भारत लाया गया था। तब से वो इंदौर के एक गैर सरकारी संगठन में रह रही है। 

Related News