मप्र : बच्ची से सामूहिक बलात्कार कर हत्या करने वाले 2 आरोपियों को फांसी की सजा

पन्ना : मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में 10 साल की एक बच्ची के साथ सामूहिक बलात्कार कर उसकी हत्या करने वाले 2 दरिंदों को अपर सत्र न्यायाधीश डी.पी. मिश्रा ने गुरुवार को फांसी की सजा सुनाई। लगभग ढाई वर्ष पहले सलेहा थाना क्षेत्र के गंज गांव की बच्ची की दरिंदों ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी थी।

मासूम का शव 13 मई, 2013 को एक कुएं से बरामद बोरे से निकाला गया। इस मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर राजेश बर्मन और रामखिलावन को पकड़ा था। जब DNA जांच कराई गई तो आरोप की पुष्टि हो गई। सरकारी अधिवक्ता किशोर श्रीवास्तव ने संवाददाताओं को बताया कि अपर सत्र न्यायाधीश मिश्रा ने इस अपराध को जघन्य मानते हुए दोनों आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई है।

श्रीवास्तव ने आगे बताया कि राजेश की गांव में दुकान है, जहां बच्ची सामान खरीदने जाती थी और रामखिलावन के घर पर टीवी देखने जाया करती थी। दोनों ने मिलकर रामखिलावन के घर पर इस वारदात को अंजाम दिया और बच्ची के शव को कई दिनों तक अपने घर में छुपाए रखा। इसके बाद शव को बोरे में बंद कर कुएं में फेंक दिया था।

Related News