गगरेटः रविवार के दिन दोपहर के बाद विकास खंड गगरेट के कलोह गांव में जब इन घरों के सदस्य गांव में ही लगे एक भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने गए थे तो इनके रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। और पूरा मकान आग की भेंट चढ़ गया। हालांकि मकान में आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है। इस अग्निकांड में प्रारंभिक तौर पर 3 लाख रुपए के नुक्सान का आकलन किया गया है। रविवार को कलोह गांव के राजकुमार व उनके भाई दर्शन शर्मा सपरिवार गांव में लगे एक भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने गए थे। इसी बीच मकान में आग लग गई। इस अग्निकांड की जानकारी अग्निशमन केंद्र अम्ब को दी गई लेकिन जब तक अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा तब तक काफी नुक्सान हो चुका था। राजकुमार गगरेट कस्बे में दुकान करता है और उसने घर में दुकान का काफी सामान ले रखा था जोकि अन्य घरेलू सामान के साथ आग की भेंट चढ़ गया। इस अग्निकांड में राजकुमार व दर्शन सिंह का सारा घरेलू सामान, अनाज व बिस्तर सहित सब कुछ जलकर स्वाह हो गया |