उमरिया/जबलपुर। मध्यप्रदेश के उमरिया में साउथ ईस्टर्न कोल फील्ड लिमिटेड की पिपरिया काॅलरी में कोयला खदान धंस गई। कोयला खदान धंसने से करीब 2 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दूसरी ओर 10 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मगर अभी भी आपदा प्रबंधन का कार्य जारी है। घटना के बाद काॅलरी के समीप भीड़ एकत्रित हो गई। कंपनी मैनेजमेंट ने व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए। दरअसल काॅलरी के प्रमुख गेट को बंद कर दिया गया। कई मजदूरों के शव मलबे में दब गए थे। मलबे में दबे शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। शव निकालने और मलबा हटाकर क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए क्रेन का सहारा लिया जा रहा है। जानकारी मिलने पर उमरिया के कलेक्टर अभिषेक सिंह और एसपी चंद्रशेखर सोलंकी घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर सुरक्षा के प्रबंध पर्याप्त नहीं थे। मिली जानकारी के अनुसार मैनेजमेंट की लापरवाही सामने आई जिसके बाद सिंह ने मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दे दिए हैं।