अब अंडमान, निकोबार में आया भूकंप

पोर्टब्लेयर/अंडमान निकोबार : नेपाल में आए भूकंप को अभी 7 दिन भी नहीं बीते थे कि फिर भारत के अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर 5.1 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। हालांकि समुद्री द्वीप क्षेत्र में भूकंप आने के बावजूद विशेषज्ञों ने सुनामी जैसे खतरे से इंकार किया है। नेपाल में 7.9 तीव्रता वाले भूकंप के आने से हर ओर तबाही मच गई। बड़े पैमाने पर मकान ध्वस्त हो गए, भवनों के मलबे के नीचे दबे लोगों को निकाले जाने का काम अभी भी जारी है। अभी भी नेपाल में रहरहकर आफ्टर शाॅक्स महसूस किए जा रहे हैं।

देश के पूर्वी भाग में मौजूद समुद्री द्वीप अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आज अचानक से लोगों को मकान और सामान हिलने का अनुभव हुआ। हालांकि किसी तरह की हानि नहीं हुई लेकिन लोग भवनों के आसपास से हटकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। कुछ लोगों ने धरती में कंपन्न महसूस किया। इसके बाद अधिकांश लोग अलर्ट हो गए। हालांकि विशेषज्ञों ने इस द्वीप पर भूकंप आने के बाद सुनामी की आशंका को फिलहाल नकार दिया है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2004 में हिंद महासागर में सुनामी आने के कारण इंडोनेशिया और दूसरे क्षेत्रों में 228000 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। वर्ष 2012 में इंडोनेशिया में भूकंप आने के बाद यहां से लोगों को हटाया जाने लगा था और सुनामी की करीब 3.6 मीटर उंची लहरें उठने की चेतावनी एहतियातन दे दी गई थी।

Related News