सत्ता हाथ आने के बाद मुख्यमंत्री को लेकर उठ रहे सवाल

नई दिल्ली : कांग्रेस ने पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान पुदुचेरी में जीत तो दर्ज कर ली है लेकिन अब इस राज्य की कमान संभालने के लिए कांग्रेस नेताओं में विवाद हो रहे हैं। कांग्रेस की ओर से कई नेताओं द्वारा दावेदारी की जा रही है। ऐसे ही दावेदार का नाम कांग्रेस के महासचिव वी नारायण स्वामी का आया है। नारायण स्वामी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित कर दिया गया था। माना जा रहा है कि इसके कारण मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह कुछ अटक सकता है।

मिली जानकारी के अनुसार नारायण स्वामी के समर्थन में कई विधायक हैं लेकिन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहते हें। दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री वी वैदिलिंगम की ओर से भी राज्य की कमान संभालने की मांग उठी है। उनके समर्थकों का कहना है कि वानियार जाति के प्रतिनिधि के तौर पर वैदिलिंगम सामने हैं और वे पहले भी मुख्यमंत्री रहे हैं ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि पुदुचेरी में वानियार जाति के लोगों की संख्या बेहद अधिक है।

राज्य की कुल जनसंख्या का 30 प्रतिशत इसी जाति से है। ऐसे में यदि वैदिलिंगम को ही मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो यह कांग्रेस के लिए बेहतर होगा। माना जा रहा है कि इस मामले में पुदुचेरी के प्रभारी व कांग्रेस के महासचिव मुकुल वासनिक व पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद को हस्तक्षेप करना पड़ सकता है। उन्हें इस मसले को सुलझाने का निर्देश दिया जा सकता है।

Related News