उबर रेप कांड - दोषी शिवकुमार की सज़ा का ऐलान आज

नई दिल्ली : दिल्ली के उबर कैब रेप कांड में आज दिल्ली की तीसहजारी अदालत अपना निर्णय सुनाएगी। यह निर्णय कैब के वाहन चालक शिवकुमार यादव के लिए बहुत ही अहम माना जा रहा है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कावेरी बावेजा द्वारा इस मामले में आरोपी शिवकुमार यादव को दोषी करार दिया गया था लेकिन न्यायालय ने इस मामले में अपना निर्णय पूरी तरह से नहीं सुनाया था। माना जा रहा है कि दशहरा पर्व के बाद इस मसले पर आज न्यायालय अपना निर्णय सुनाएगी। 

दरअसल उबर कंपनी की कैब में सवार होकर अपने दफ्तर से घर का सफर तय करने वाली एक युवती ने शिवकुमार यादव पर बलात्कार का आरोप लगाया था। जिसमें यह कहा गया था कि घटना के बाद वह फरार हो गया। जिसके बाद दिल्ली और उत्तरप्रदेश की टीम ने उसे मथुरा से पकड़ लिया था। इस मामले में पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दायर किए थे। जिस पर सुनवाई की गई। इस दौरान यह बात भी सामने आई कि वह आदतन अपराधी है।

इस मामले में उसके विरूद्ध वाद दायर किए गए। इस दौरान कहा गया कि उसने अलग - अलग स्थानों पर दुष्कर्म किए। हालांकि इन मामलों में वह जमानत पर छूटा था। दिल्ली आकर वह कैब चालक बन गया। यादव पर धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया गया। दूसरी ओर 5 दिसंबर 2014 को सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में उबर कंपनी की कैब में वाहन चालक शिवकुमार यादव ने युवती से दुष्कर्म किया। जिस मामले में उसे 7 दिसंबर को पकड़ा गया। इसके बाद उस पर न्यायालय में प्रकरण चलाया गया और अब उसे दोषी करार दिए जाने के बाद सजा सुनाए जाने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। 

Related News