दिल्ली के न्यायालय परिसर में वकील की हत्या!

नई दिल्ली : नई दिल्ली के न्यायालय परिसर में आज एक वकील का शव मिलने से सनसनी फैल गई। अचानक वकीलों ने अपना काम बंद कर दिया और सभी दौड़कर शव की ओर जाने लगे। इस दौरान न्यायिक कार्य भी प्रभावित हुआ। हालांकि लोगों ने वकील की मृत्यु पर मानवीय संवेदना का परिचय दिया। मिली जानकारी के अनुसार तीस हजारी अदालत के पास आज एक वकील का शव मिलने से सभी सकते में आ गए। 
मृतक का शव यहां बने भोजनालय के बाहर मिला। मृतक की उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने भोजनालय में काम करने वाले दो लोगों को पकड़ लिया है, वहीं पुलिस वकील की मौत के विभिन्न कारणों पर पड़ताल कर रही है। हालांकि पुलिस ने इस मसले पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है मगर प्रारंभिक तौर पर हत्या की बात भी सामने आ रही है। हालांकि फिलहाल यह बात सामने नहीं आ रही है कि वकील की हत्या किस कारण से की गई। शव की शिनाख्त पुलिस द्वारा राजीव शर्मा निवासी उत्तर पश्चिम दिल्ली, रोहिणी के तौर पर की गई है, पुलिस ने अपनी इंवेस्टीगेशन में शव के सिर पर चोट के निशान पाए जाने की बात कही है। 
माना जा रहा है कि हाथापाई के बाद धारदार हथियार से मृतक के सिर पर वार किया गया। जिससे वकील ने वहीं दम तोड़ दिया। न्यायालय परिसर के इतने करीब वकील की हत्या होने की बात पर अभिभाषकों ने अपना काम बंद कर दिया। इस दौरान वकील एक दिन की सामूहिक हड़ताल पर रहे, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन के सुपुर्द करने की बात भी सामने आई है हालांकि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

Related News