मांस के कारण राजौरी में बवाल, सेना के हवाले हुआ शहर

राजौरी ​: कश्मीर में वैसे ही स्थिति काबू में नहीं आ रही है वहीं अब राजौरी में मांस के कारण बवाल खड़ा हो गया है। बताया गया है कि स्थिति इतनी बिगड़ गई कि न केवल कर्फ्यू लगाना पड़ गया वहीं पूरे शहर को अब सेना के हवाले भी कर दिया गया है। जानकारी मिली है कि राजौरी में प्रवेश करने वाले एक वाहन को रोका गया था, इसमें जब मांस दिखा तो कुछ लोगों की भीड़ ने इस मांस को गाय का बताते हुये हंगामा खड़ा कर दिया। देखते ही देखते आगजनी और पथराव करना शुरू कर दिया और स्थिति बेकाबू हो गई।

पुलिस ने स्थिति को पहले तो संभालने का प्रयास किया लेकिन जब स्थिति संभली नहीं तो प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया।  इसके साथ ही सेना को बुलाकर पूरा शहर हवाले कर दिया गया। बताया गया है कि मांस के कारण लोगों की भीड़ को उकसाने का कार्य किया गया था और इसके बाद ही माहौल बिगड़ने लगा था। फिलहाल पूरे शहर में सेना के जवान तैनात होकर स्थिति पर नजर रखे हुये है। जानकारी मिली है कि लोगों ने पुलिस बल पर पथराव किया था। इसके बाद ही प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया।

अधिकारियों ने उकसाया था

बताया गया है कि भीड़ को उकसाने का कार्य नायब तहसीलदार खुर्शीद अहमद और नरवेज सिकिंद ने किया था। इसके बाद भीड़ ने तोड़ फोड़ की घटना को अंजाम दिया। प्रशासन ने भीड़ को उकसाने के आरोप में इन दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

प्रदर्शन का दौर जारी

सेना और कर्फ्यू लगने के बाद भी राजौरी में प्रदर्शन करने का सिलसिला जारी है। हालांकि सेना के जवानों ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग कर खदेड़ा भी, बावजूद इसके प्रदर्शनकारी मान नहीं रहे है। इधर सेना के अधिकारियों ने विवाद को शांत करने के लिये दो पक्षों के प्रमुखों के बीच बैठक भी कराई थी, लेकिन इसमें किसी तरह का नतीजा नहीं निकल सका है।

Related News