कांग्रेस ने लगाया आरोप- सिंहस्थ नहीं.....भ्रष्टाचार का कुंभ

उज्जैन: अप्रैल-मई माह के दौरान उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार करने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। आज भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिये कांग्रेस उज्जैन में प्रदर्शन कर रही है। इसकी शुरूआत दोपहर में हो गई है, देर तक चलने वाले प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने उज्जैन में सिंहस्थ महाकंुभ का नहीं बल्कि भ्रष्टाचार के कुंभ का आयोजन किया था। दरअसल कांग्रेस का कहना है कि सिंहस्थ के नाम पर शिवराज सरकार ने जमकर भ्रष्टाचार किया है। जो वस्तुएं कम दामों में खरीदी जा सकती थी, उसे सरकार ने सिंहस्थ के नाम पर दुगने-तिगुने भाव पर खरीदा है।

इसी तरह निर्माण कार्यों में भी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप कांग्रेस द्वारा लगाया गया है। आज शुक्रवार को उज्जैन में कांग्रेस का प्रदर्शन हो रहा है। इसके लिये सुबह से ही कांग्रेसजन बड़ी संख्या में एकत्र होना शुरू हो गये थे। दोपहर में प्रदर्शन की शुरूआत कांग्रेसियों ने हंगामे से की। सुरक्षा व्यवस्था के लिये भारी संख्या में पुलिस बल का बंदोबस्त प्रशासन की ओर से किया गया था।

विधानसभा में भी सरकार को घेरा

उज्जैन में तो आज कांग्रेस का प्रदर्शन है ही वहीं विधानसभा में भी सरकार को कांग्रेस सिंहस्थ के मुद्दे पर पहले ही घेर चुकी है। कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि सरकार ने गर्मी के मौसम में होने वाले सिंहस्थ के नाम पर 30 लाख से अधिक खर्च कर वैसलीन की शीशियां खरीद ली, जबकि वैसलीन का उपयोग गर्मी में नहीं किया जाता है। वैसलीन खरीदने संबंधी जवाब विधानसभा में पूछे गये प्रश्न के दौरान सरकार की ओर से दिया गया था।

Related News