नक्सलियों ने किया बच्चों का अपहरण, दे रहे नक्सली ट्रेनिंग

रांची/गुमला : झारखंड में नक्सलवाद इस कदर हावी है कि यहां नक्सली अपने आॅपरेशन के लिए बच्चे तक उठाकर ले जाने लगे हैं। इन बच्चों को संगीनों के साये में अपहृत कर उन्हें नक्सलवाद की ट्रेनिंग दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार राज्य में नक्सली संगठन भाकपा सक्रिय है। माओवादियों के कमांडर नकुल यादव ने झारखंड के गुमला जिले से करीब 35 आदिवासी बच्चों को अपहृत कर लिया। इस दौरान बच्चों को नक्सली बनने की ट्रेनिंग दी गई। अगवा किए गए बच्चों में लड़कियां भी शामिल हैं जिनकी आयु 12 वर्ष से 16 वर्ष बताई जा रही है। 
उल्लेखनीय है कि बिशुनपुर प्रखंड के करचा, बोरहा, निरासी, कुम्हारी, सेमर कच्चा आदि गांवों में नक्सली नकुल यादव ने बच्चों की डिमांड की मगर ग्रामीणों ने बच्चे नहीं दिए। हालांकि ग्रामीणों ने पुलिस में शिकायत नहीं की। इसके बाद जब बच्चे नहीं मिले तो नक्सली बच्चों को अपने साथ ले गए। लोगों ने जनता दरबार में अधिकारों को इस घटना से अवगत करवाया। उल्लेखनीय है कि राज्य में नक्सलवाद अपने चरम पर है। क्षेत्र में कई बार सुरक्षाबलों पर हमला किया गया वहीं सामान्य नागरिकों को भी नक्सलियों की गतिविधियों से परेशान होना पड़ता है।

Related News