प्लूटोनियम को जापान से अमेरिका ले जाने के लिए ब्रितानी पोत पहुंचा जापान

टोक्यो : प्लूटोनियम जापान से अमेरिका ले जाने के लिए दो ब्रितानी पोत पूर्वी जापान पहुंच चुके है। कहा जा रहा है कि इसकी मात्रा इतनी ज्यादा है कि इससे दर्जनों परमाणु बम बनाए जा सकते है। यह प्लीटोनियम द्विपक्षीय समझौते के तहत ले जाया जा रहा है, जिसका संग्रहण अमेरिका में किया जाएगा।

जापान की समाचार एजेंसी क्योदो ने बताया कि दोनों पोत सोमवार की सुबह टोक्यो के पूर्वोतर में स्थित तोकाई गांव के तट पर पहुंच चुके है। जापान का मुख्य परमाणु अनुसंधान केंद्र तोकाई में ही स्थित है। ब्रिटिश ध्वजों वाले पोतों का संचालन पैसिफिक न्यूक्लियर ट्रांसपोर्ट लिमिटेड के जिम्मे है।

इन दोनों पोतों के जरिए 331 किलो प्लूटोनियम को अमेरिका के साउथ कैरोलिना स्थित सरकारी प्रतिष्ठानों में ले जाया जाएगा। जापान के पास पड़ा विशाल प्लूटोनियम भंडार और बिजली उत्पादन के लिए ईंधन के पुन:चक्रण की उसकी महत्वाकांक्षा अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए सुरक्षा संबंधी चिंता का विषय है।

Related News