सर्वे: सर्जिकल स्ट्राईक ने बदली हवा, UP में BJP बनेगी सबसे बड़ी पार्टी

लखनऊ : सर्जिकल स्ट्राईक को लेकर राजनीतिक लाभ के आरोप लगाए जा रहे हैं। दरअसल भाजपा, आप, कांग्रेस सभी एक दूसरे पर आरोप मढ़ रहे हैं। उत्तरप्रदेश चुनाव के पहले इस मसले पर चर्चा करने के लिए अब बसपा भी मैदान मे आ गई है। इस सैन्य अभियान से भाजपा की लाॅटरी लगने वाली है। दरअसल सर्जिकल स्ट्राइक के बाद उत्तरप्रदेश इलेक्शन को लेकर पहला ओपिनियन पोल सामने आया है जिसमें कहा गया है कि भाजपा सबसे बड़ा दल बनकर विधानसभा चुनाव में सामने होगी।

इस सर्वे में कहा है कि भाजपा राष्ट्रीय भाव जागृत करने में लगी है। राष्ट्रभक्ति के माहौल के बीच सर्जिकल स्ट्राईक की सफलता को यूपी में प्रसारित किया जा रहा है। इस मामले में इंडिया टुडे के एक्सिस माइ इंडिया ओपिनियन पोल में भाजपा का यह प्रयास जरूर रंग लाया। इंडिया टुडे एक्सिस माई इंडिया के ओपिनियन पोल के अनुसार उत्तरप्रदेश में चुनाव हुए तो भाजपा एक सबसे बड़ा दल बनकर सामने आएगी।

इस सर्वे में कहा गया है कि भाजपा का प्रयास इसे राज्य में स्थापित करता दिखाई दे रहा है। हालाकि राज्य की राजनीति में अपने पैर मजबूती से जमाने वाले हाथी अर्थात् बसपा की प्रमुख मायावती की बीते समय कुछ मुश्किल जरूर हुई थी लेकिन इस ओपिनियन पोल में वे दूसरे नंबर पर हैं।

सर्वे के मुताबिक बीजेपी को यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 170 से 183 सीटें मिल सकती है, वहीं बीएसपी को 115 से 124 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि सपा काफी पीछे होती नज़र आ रही हैं सपा को 94 से 103 सीट मिलती नज़र आ रही हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा से कांग्रेस को अधिक लाभ मिलता नज़र नहीं आ रहा है। दरअसल सर्वे के अनुसार कांग्रेस करीब 4 थे क्रम पर है। कांग्रेस को 8 से 12 सीट मिलने का अंदेशा है। अर्थात् राहुल गांधी का प्रभाव अधिक नज़र नहीं आ रहा है।

Related News