नीतीश के सात निश्चय के लिए कैबिनेट ने पास किए 14,250 करोड़ रुपए

दरभंगा : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता में आने से पहले ही अपनी सात इच्छाओं की पूर्ति की ख्वाहिश जताई थी। गुरुवार को बिहार कैबिनेट की बैठक में सीएम के इस सात निश्चय को पूरा करने के लिए 14,250 करोड़ रुपए को मंजूरी दे दी। कैबिनेट सचिव ने बताया कि इस राशि का इस्तेमाल 2016-17 से 2019-20 तक पंचायतों में गली-नली निर्माण के लिए किया जाएगा। इसमें से 3021 करोड़ रुपए की राशि को 2016-17 के बीच खर्च किया जाएगा। कैबिनेट की बैठक में कुल 41 एजेंडो पर मुहर लगाई गई।

इसके अलावा विधानमंडल के मानसून सत्र बुलाए जाने की सहमति पर भी सबने हामी भरी। मौजूदा सरकार की विधानसभा का तीसरा सत्र 29 जुलाई से शुरु होकर 4 अगस्त को खत्म होगा। इस दौरान कुल 5 बैठकें होंगी। 16 वीं बिहार विधान सभा में वित मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी ने बजट पेश करते हुए कहा था कि इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय को भी प्राथमिकता दी गई है।

जिसमें राज्य के युवाओं के लिए वेंचर फंड गठित करना, सभी स्कूल व कॉलेजों को वाइ-फाइ से जोड़ना शामिल था। इसके अलावा हर घर में पानी व नाली का निर्माण किया जाएगा। हर जिले में रोजगार प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। हर घर में बिजली की आपूर्ति होगी। हर घर के सम्मान के लिए शौचालय का निर्माण किया जाएगा।

Related News