जालंधर : पंजाब के जालंधर में एक बच्चा उस समय जल गया जब वो अग्निपरीक्षा दे रहा था। कोयले के अंगारों पर चलते हुए बच्चे का पैर फिसल गया और वो बुरी तरह झुलस गया। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कार्तिक नाम के इस बच्चे के पिता उसे गोद में लेकर अंगारों पर चल रहे थे। घटना स्थल पर मौजूद एक फोटोग्राफऱ ने बताया कि अचानक ही उनका बैलेंस बिगड़ गया और उनके हाथ से बच्चा गिर गया। इसके बावजूद अंधविश्वास से घिरे परिजनों का कहना है कि उन्हें भगवान पर पूरा भरोसा है, वो कार्तिक के चोट को जल्द भर देंगे। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के पिता भी 15 प्रतिशत जल गए है। हर साल यहां अंगारों पर चलने का खेल खेला जाता है। मांए अपने बच्चों को गोद में उठाकर आग पर चले, इसे शुभ माना जाता है। बताया जा रहा है कि करीब 600 भक्‍त माता मरिअम्‍मा के सम्‍मान में यहां जमा हुए हैं। इस परीक्षा से गुजरने से पहले भक्‍तों को सात दिनों तक उपवास करना होता है। देवी को प्रसन्‍न करने के लिए की जाने वाली यह सदियों पुरानी हिंदू परंपरा है। तीन साल पहले भी इसी तरह के एक हादसे में एक महिला के हाथ से उसका बच्‍चा छूटकर गर्म अंगारों पर गिर गया था।