हिम्मत है तो सोनिया गांधी को गिरफ्तार करे BJP

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी के सामने अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकाॅप्टर डील को लेकर कई तरह के सवाल किए हैं। इस मामले में उन्होंने कहा है कि भाजपा में हिम्मत है तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य नेताओं को पकड़े। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा धारण किए गए मौन पर भी प्रश्न किए गए हैं।

उन्होंने इस मामले में अचरज व्यक्त किया है और कहा है कि भाजपा इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रही है। यदि भाजपा के इरादे अच्छे हैं तो फिर उसे कांग्रेस के नेताओं को पकड़ लेना चाहिए। मगर वह ऐसा नहीं करेगी।

इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने लिखा कि जिस तरह से इटली की अदालत में निर्णय हुआ है उस पर भाजपा को कार्रवाई करना चाहिए। मगर वह ऐसा नहीं करेगी। वह तो केवल राजनीतिक दिखावा ही कर रही है। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा के बीच मजबूत रिश्ता होने की बात भी कही।

उन्होंने यह भी सवाल किया कि आखिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगस्ता पर मौन क्यों है। पिछले साल दिसंबर में सीबीआई ने कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के दफ्तर पर छापा मारा था। तब केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री ने सीबीआई से दिल्ली सचिवालय पर छापा मरवाया है।

Related News