काॅलोनी से मिली करीब 250 लाशें, हर परिवार में मौत का मंजर

काठमांडू : नेपाल में बीते शनिवार को आए भूकंप ने सबकुछ हिलाकर रख दिया है। भूकंप से लोगों का दिल भी दहल गया है। लोग अपने जीवन को सामान्य बनाने में जुटे हुए हैं लेकिन मलबे के बीच मिल रही अपनों की लाशें और मलबे में अपना सबकुछ खो चुके लोग बेहद दुखी हैं।

मिली जानकारी के अनुसार नेपाल के भक्तपुर में एक ही काॅलोनी में करीब 250 लाशें मिलने की बात सामने आई है। यहां लगभग 100 परिवार में से हर किसी के यहां केजुलिटी हुई है। काॅलोनी के रहवासी आगुम प्रजापति के परिवार में 25 लोग निवास करते थे लेकिन 16 की भूकंप में मौत हो गई।

परिवार के 15 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं लेकिन 1 सदस्य का अभी तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। हालात ये रहे कि आगुम प्रजापति के परिवार में उनकी बेटी काशी प्रजापति और दामाद हेल प्रजापति शनिवार को ही उनके घर पहुंचे थे। सभी बहुत खुश थे। मार्च में शादी के बाद वे लोग पहली बार आए थे।

मगर भूकंप आने से उनकी मौत हो गई। ऐसा नहीं है कि केवल आगुम प्रजापति को ही अपनों को खोना पड़ा है। ऐसे कई परिवार हैं जिनके सदस्यों का अभी तक कोई पता नहीं चला है। हालांकि आश्चर्य की बात यह है कि यहां मौजूद 5000 वर्ष पुराने पांच मंदिरों को कुछ नहीं हुआ है। डरे -सहमे हुए लोग यहां पर शरण लेकर बैठे हैं। काॅलोनी के 80 प्रतिशत मकान ध्वस्त हो चुके हैं मगर मंदिरों को कोई नुकसान नहीं हुआ।

Related News