नई दिल्ली: प्रधानमंत्री भाषण ब्रिटेन में दे रहे है और घमासान भारत में मचा है। कांग्रेस ने पीएम के असहिष्णुता पर दी सफाई को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस ने कहा है कि मोदी अपने विदेश दौरे पर भारत के बारे में उल्टी-सीधी बयानबाजी करते है, जिससे देश शर्मसार होता है। कांग्रेस ने मोदी पर यह आरोप लगाया है कि मोदी हमेशा यह दावा करते है कि उनके सत्ता में आने के बाद से देश की विश्वसनीयता बढ़ी है। यह देश की साख को गिराता है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा का कहना है कि हम मोदी के दावो को खारिज करते है, जिसमें वो ये कहते है कि उनके सत्ता में आने से देश की विश्वसनीयता बढ़ी है। शर्मा ने यह भी कहा कि उनकी बातों से लगता है कि इससे पहले भारत की कोई विश्वसनीयता थी ही नही। मई 2014 में मोदी के सत्ता में आने से पहले देश का कोई सम्मान नहीं था। कांग्रेस नेता का कहना है कि यह बात सभी देशों में जाकर कहने से देश शर्मसार हो रहा है। भारत पहले भी सम्माननीय था। सरकार की नीतियों की वजह से पहले भी भारत एफडीआई के लिहाज से सर्वाधिक पसंदीदा जगह थी। शर्मा ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भारत में डर का माहौल बना हुआ है और इसके जिम्मेदार प्रधानमंत्री हैं। शर्मा ने कहा मोदी एक ऐसी सरकार का संचालन कर रहे हैं, जो मनमाने ढंग से कामकाज कर रही है।