फिर रुकी अमरनाथ यात्रा

जम्मू : जम्मू-कश्मीर राज्य में हिंसा भड़कने का असर अमरनाथ यात्रा पर भी हुआ है। अमरनाथ यात्रियों को जम्मू में रोक दिया गया है। हालात ये हें कि यात्रियों को आराम स्थल पर ही अपना समय गुजारना पड़ रहा है। यात्रा के रोके जाने पर अमरनाथ यात्रियों ने प्रदर्शन कर अपना रोष जाहिर किया। कुछ प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो उठे और उन्होंने वाहनों में तोड़फोड़ भी कर दी। वाहनों में तोड़फोड़ और मारपीट होने पर जमकर हंगामा हुआ। दरअसल गुरूवार को यात्रा को फिर से बहाल करने की तैयारी की गई थी। ऐसे में यात्री अपने - अपने वाहनों में सवार हो गए।

प्रातः 11 बजे यात्रा प्रारंभ होने की घोषणा हुई लेकिन दोपहर 12.30 बजे सूचना मिली कि यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में यात्रियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी प्रारंभ कर दी। इसके बाद भी कई यात्री यात्रा प्रारंभ होने के इंतजार में बसों में ही सवार रहे। उन्हें उम्मीद थी कि यात्रा फिर से प्रारंभ हो जाए। कुछ समय बाद यह स्पष्ट हो गया कि यात्रा रवाना नहीं होगी। जानकारी मिलने के ही साथ श्रद्धालु आक्रोशित हो उठे। इस मामले में जम्मू के डिप्टी कमिश्नर सिमरणजीत सिंह ने कहा कि यात्रा स्थगित किए जाने का कारण मौसम की खराबी है।

यात्रा पर आगे न बढ़ने और बाबा अमरनाथ के दर्शन न कर पाने से कई यात्री मायूस हैं कुछ यात्रियों ने तो वापस लौटने का मन ही बना लिया है। ये लोग जम्मू के अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कर वापस लौटने की तैयारी में हैं। दरअसल लोग अब उत्साहहीन हो रहे हैं। उनका मानना है कि यात्रियों को बाबा अमरनाथ के दर्शन करने देना चाहिए। उनका कहना था कि यदि यात्रा प्रारंभ नहीं की जाना थी तो फिर यात्रियों को यह क्यों कहा गया कि यात्रा प्रारंभ कर दी गई है। यात्रियों का कहना है कि अमरनाथ यात्रा में बड़ी मुश्किल हेती है पहले टोकन के लिए तारीख ले लो फिर पंजीकरण के लिए कोशिश करो और फिर कई तरह की बातें होती हैं।

Related News