नेपाल के एक पहाड़ी गांव से 100 ट्रैकर के शव मिले, 120 और दबे होने की आशंका

काठमांडू : नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप में से चारो तरफ तबाही का मंजर है और मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। अब सुदूर इलाकों से शवों के मिलने के बाद यह संख्या 10,000 की ओर तेजी से बढ़ रही है। नेपाली पुलिस और स्थानीय लोगों ने एक पहाड़ी गांव से बर्फ में दबे 100 यात्रियों के शवों को बरामद किया है। इन लोगों की मौत भूकंप के दौरान हुए हिमस्खलन में हो गई थी। बताया गया है कि ये लोग ट्रैकर थे जो हिमस्खलन होने पर बर्फ में दब गए थे। इनमें सात विदेशी भी शामिल हैं। इन शवों को राजधानी काठमांडू से 60 किलोमीटर दूर लांगटांग गांव से बरामद किया गया हैं।

यह एक पहाड़ी गांव है। एक अधिकारी ने बताया कि इस गांव में ट्रैकरों के लिए 55 गेस्ट हाउसे थे, सभी हिमस्खलन में ध्वस्त हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने छह फुट बर्फ खोदकर इन शवों को निकाला है। यहां खुदाई अब भी जारी है। यहां से और शवों के मिलने की आशंका है। बरामद शवों में सात विदेशी हैं। हालांकि इनमें से अभी दो की ही पहचान हो पाई है। अधिकारी ने बताया कि इस बात की सही जानकारी नहीं है कि हिमस्खलन के दौरान लांगटांग में कितने लोग मौजूद थे, लेकिन अभी 120 और लोगों के बर्फ में दबे होने की आशंका है। अधिकारी ने बताया कि मौसम खराब होने की वजह से हम इन इलाकों तक नहीं पहुंच पाए थे।

Related News