आप पर शनि का साया, 200 सदस्य देंगे इस्तीफा

मुंबई : लगता है आम आदमी पार्टी पर इन दिनों शनि देव की दृष्टि का कहर बरस रहा है। अंर्तकलह और विवादों के बीच पार्टी में लगातार बिखराव का दौर है। अब आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र यूनिट के लगभग 200 सदस्य आप से इस्तीफा देने का मन बना रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इस्तीफा देने वालों में पार्टी के वरिष्ठ और संस्थापक सदस्य मारूति बापकर भी शामिल हैं, आम आदमी पार्टी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगी नेताओं की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बनी हुई है। सदस्य आम आदमी पार्टी से निराश हैं, दिल्ली में आप के संस्थापक सदस्यों प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद अब पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के कार्यकर्ता पार्टी छोड़ने पर आमादा हैं। मामले को लेकर कार्यकर्ताओं ने आज एक बैठक की।

बैठक में सभी ने पार्टी छोड़ने की सार्वजनिक घोषणा की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने पार्टी के संस्थापक सदस्यों प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को निकाले जाने का विरोध भी किया था, अपना विरोध दर्ज करवाते हुए महाराष्ट्र राज्य से लगभग 200 सदस्यों ने एक साथ पार्टी छोड़ दी। इस तरह आप छोड़े जाने के बाद पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। संभावना जताई जा रही है कि बड़े पैमाने पर कार्यकर्ताओं के एक साथ पार्टी छोड़ने के निर्णय का असर अन्य राज्यों की इकाई पर भी पड़ेगा और अन्य राज्यों में भी आप कमजोर हो सकती है।

Related News