ढाका में आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 को मारा, दो गिरफ्तार

ढाका : बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बीते दिनों हुए हमले से खार खाए सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। राजधानी के कल्यापुर इलाके में मंगलवार को पुलिस और आंतकियों के बीच देर तक मुठभेड़ हुई, जिसमें 9 आतंकियों को मार गिराया गया। खबर है कि मारे गए सारे आतंकियों का संबंध इस्लामिक स्टेट से था।

घटना की पुष्टि मीरपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी महबूब हुसैन ने की। उन्होने बताया कि पूरे दो घंटे तक चली लंबी कार्रवाई में आतंकियों को मार गिराया गया। इससे पहले कल्याणपुरी के जहज बिल्डिंग में पुलिस ने सुबह 5.51 बजे में छापेमारी की। ढाका के स्थानीय मीडिया में आई खबरों के अनुसार, एक घंटे तक चली छापेमारी में पड़ोस में करीब आधी रात को एक अभियान के दौरान आतंकवादियों ने पुलिस पर हमला किया।

इन आतंकवादियों के जमात उल मुजाहिदीन बांग्लादेश, जेएमबी, के सदस्य होने का संदेह है। ढाका के संयुक्त पुलिस आयुक्त शेख मारफ हसन ने बताया कि सारे 9 आतंकवादी प्रतीत होते हैं। ये सभी काले लिबास में थे और रात भर रह रह कर गोलीबारी की और अल्लाहू अकबर के नारे लगाए। पुलिस ने दो आतंकियों को गिरफ्तार भी किया, जिसमें से एक को गोली लगने से घायल हो गया था।

Related News